जयपुर। राजस्थान में मानसून का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में प्रदेश में मानसून के प्रवेश की प्रबल संभावना है। मानसून के कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करने की संभावना जताई गई है।
मानसून की एंट्री के साथ ही प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। खासकर कोटा और उदयपुर संभाग में 3 से 6 जुलाई के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मानसूनी हवाओं के कारण मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 2 जुलाई से उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में आंधी और बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
गौरतलब है कि पिछले 13 वर्षों में यह तीसरा अवसर होगा, जब राजस्थान में मानसून जुलाई माह में प्रवेश करेगा। इससे पहले वर्ष 2014 और 2019 में भी मानसून ने जुलाई में प्रदेश में दस्तक दी थी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.