उत्तर प्रदेश: के गोरखपुर से एक ऐसी भावुक कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। शादी के दिन सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई दुल्हन को आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा, लेकिन दूल्हे ने मुश्किल घड़ी में उसका साथ नहीं छोड़ा। उसने अस्पताल पहुंचकर आईसीयू में ही दुल्हन की मांग में सिंदूर भर सात जन्मों तक साथ निभाने का वचन दिया।
अब दुल्हन को होश आ गया है और उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। परिवार में फिर से खुशियां लौट आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र के हटवार गांव निवासी पूजा यादव की शादी महादेवा बाजार के रहने वाले सन्नी यादव से तय हुई थी। 14 मई को बारात आनी थी और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं।
इसी बीच पूजा एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा देकर लौट रही थी। रास्ते में वह सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और हालत बिगड़ने पर उसे दाउदपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जैसे ही हादसे की खबर परिवार तक पहुंची, शादी वाले घर का माहौल मातम में बदल गया। परिजन परेशान थे कि एक तरफ बेटी जिंदगी और मौत से लड़ रही है, दूसरी तरफ बारात आने वाली है।
हादसे की खबर जब दूल्हे सन्नी यादव और उसके परिवार को मिली तो वे भी गहरे सदमे में आ गए। लेकिन सन्नी ने उस वक्त जो फैसला लिया, उसने सभी का दिल जीत लिया।
दूल्हे ने पहले परंपरा के अनुसार द्वारपूजा और अन्य जरूरी रस्में पूरी कीं। इसके बाद देर रात सीधे अस्पताल पहुंच गया। वहां आईसीयू के बाहर दोनों परिवारों के लोग मौजूद थे।
भावुक माहौल के बीच सन्नी ने आईसीयू में जाकर पूजा की मांग में सिंदूर भरा और जीवनभर साथ निभाने का वचन दिया। अस्पताल का यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए।
डॉक्टरों के मुताबिक, पूजा अब खतरे से बाहर है। हालांकि सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे अभी आईसीयू में ही रखा गया है। एक-दो दिन बाद उसे सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है।
जब पूजा को होश आया तो सबसे पहले उसकी नजर अपने पति सन्नी पर पड़ी। बताया जा रहा है कि सन्नी पूरे समय उसकी देखभाल करता रहा और उसके सिरहाने बैठकर उसे निहारता रहा।
गुरुवार सुबह भी वह अस्पताल पहुंच गया और पूरे दिन पत्नी के साथ ही रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में रिश्तेदार और परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचते रहे।
पूजा के पिता महिपाल यादव ने कहा कि हादसे की खबर सुनकर पूरा परिवार टूट गया था। उन्होंने बताया कि 24 घंटे तक परिवार के लोगों ने खाना तक नहीं खाया।
उन्होंने भावुक होकर कहा, “भगवान ने हमारी प्रार्थना सुन ली। बेटी को होश आ गया है, यही हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है।”
महिपाल यादव ने बताया कि शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी हैं। अब जब पूजा अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर आएगी, तब तीन दिन बाद उसकी विदाई की जाएगी।
सन्नी यादव की जिंदगी भी संघर्षों से भरी रही है। उसके पिता कमला यादव की पहले ही एक हादसे में मौत हो चुकी है। मां मुनक्का देवी ने खेती-किसानी कर बड़ी मुश्किलों में अपने तीन बेटों की परवरिश की।
जब पूजा के हादसे की खबर ससुराल पक्ष को मिली तो वहां भी चिंता का माहौल था। लेकिन जैसे ही पता चला कि पूजा को होश आ गया है, पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।
गुरुवार को सन्नी के घर लगभग कोई सदस्य मौजूद नहीं था। सभी रिश्तेदार और परिवार वाले अस्पताल में दुल्हन का हाल जानने पहुंचे हुए थे।
आईसीयू में सिंदूरदान और दूल्हे की संवेदनशीलता की यह कहानी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग सन्नी यादव की जमकर तारीफ कर रहे हैं और इसे सच्चे प्रेम और रिश्ते की मिसाल बता रहे हैं।
कई यूजर्स ने लिखा कि मुश्किल समय में जो साथ दे, वही असली जीवनसाथी होता है।
गोरखपुर की यह कहानी सिर्फ एक शादी की नहीं, बल्कि भरोसे, प्रेम और साथ निभाने की मिसाल बन गई है। हादसे के बीच आईसीयू में हुआ सिंदूरदान हर किसी को भावुक कर रहा है। अब परिवार को उम्मीद है कि पूजा जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.