जोधपुर में राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सात साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मादक पदार्थ तस्कर रमेश बंजारा को मध्यप्रदेश के नीमच जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से कंबल बेचने की आड़ में डोडा-चूरा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी का बड़ा नेटवर्क चला रहा था।
एएनटीएफ अधिकारियों के अनुसार आरोपी पर वर्ष 2019 से फलोदी पुलिस अधीक्षक की ओर से इनाम घोषित था। जांच में सामने आया कि उसका नेटवर्क राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और तमिलनाडु तक फैला हुआ था। वह मोटरसाइकिल पर कंबल बेचने का काम करता था और इसी बहाने तस्करी के लिए नए एजेंट जोड़ता था।
आरोपी अपनी पहचान छुपाने के लिए अपने भाई की समान शक्ल का फायदा उठाता था और अक्सर नाम बदलकर खुद को दूसरा व्यक्ति बताता था। इसी वजह से पुलिस कई बार उसे पकड़ने में असफल रही। जांच के दौरान एएनटीएफ ने उसके ससुराल और रिश्तेदारों पर निगरानी रखकर सुराग जुटाया और मध्यप्रदेश सीमा पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान भी आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने की कोशिश की, लेकिन पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। इससे पहले नीमच में सीबीएन की टीम ने भी एक बड़ी कार्रवाई में 5 करोड़ रुपये की अफीम बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया था, जिससे पूरे क्षेत्र में नशा तस्करी नेटवर्क पर कड़ी निगरानी की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.