ANTF की बड़ी कार्रवाई: 25 हजार का इनामी तस्कर केरल से गिरफ्तार, 7 साल से था फरार

राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। 'ऑपरेशन मदाविकाढ़त' के तहत मध्य प्रदेश से पकड़े गए तस्कर रमेश बंजारा से मिले इनपुट के आधार पर एएनटीएफ ने 'ऑपरेशन यमलकमली' को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन के तहत टीम ने 25 हजार रुपए के इनामी और पिछले 7 वर्षों से फरार चल रहे तस्कर रणजीत दायमा उर्फ रणजीत बंजारा को केरल से गिरफ्तार किया है।

आरोपी रणजीत दायमा, जो मूल रूप से मनासा (नीमच, मध्य प्रदेश) का रहने वाला है, लंबे समय से राजस्थान और मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में डोडा-चूरा तस्करी नेटवर्क को संचालित कर रहा था। वह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए दक्षिण भारत के केरल राज्य में छिपकर रह रहा था।

जांच में सामने आया कि रणजीत का मुख्य साथी रमेश बंजारा तस्करी के सौदे तय करता था, जबकि रणजीत माल की सप्लाई, ट्रांसपोर्ट और सुरक्षित ठिकानों से निकासी का काम संभालता था। इस नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर डोडा-चूरा की सप्लाई की जाती थी, जिसमें उसे प्रति किलो 500 रुपए कमीशन मिलता था। बड़े सौदों में उसकी कमाई 50 हजार से लेकर 2 लाख रुपए तक पहुंच जाती थी।

फरारी के दौरान आरोपी ने केरल के वडकनचेरी क्षेत्र में कंबल की दुकान खोल रखी थी और अपनी पहचान छिपाने के लिए रोज करीब 150 किलोमीटर तक मोटरसाइकिल से घूमकर कारोबार करता था। वह स्थानीय मलयालम, कन्नड़ और तेलुगु भाषाओं पर मजबूत पकड़ बनाकर स्थानीय लोगों में घुलमिल गया था, जिससे पुलिस को उस तक पहुंचने में काफी मुश्किल हुई।

एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में टीम ने शोरानूर क्षेत्र में गुप्त रूप से रेकी की। टीम ने खुद को राजस्थानी कारीगर बताकर इलाके में जानकारी जुटाई और पता लगाया कि आरोपी नीलयांमती पहाड़ियों के दुर्गम इलाके में गया हुआ है। इसके बाद टीम ने ग्राहक बनकर उसे बड़ी डील का झांसा दिया और मौके पर बुलाकर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद रणजीत ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से कई राज्यों में नशे की सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ था, हालांकि उसे यह पूरी जानकारी नहीं थी कि उसके खिलाफ कितने राज्यों में मामले दर्ज हैं।

फिलहाल एएनटीएफ टीम आरोपी को राजस्थान लाकर उससे पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह को बड़ा झटका लगा है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Written By

Chanchal Rathore

Desk Reporter

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
अर्नब चक्रवात का असर: राजस्थान में बारिश के साथ गिरे ओले, उत्तराखंड में बर्फबारी; ओडिशा में बाढ़-भूस्खलन से 3 की मौत | खाटूश्याम बाबा के दर्शन साढ़े 19 घंटे रहेंगे बंद, दीपावली पर मंदिर में होगी साफ-सफाई; जानें नया शेड्यूल | राजस्थान पंचायत चुनाव परिणाम: नीमकाथाना की 39 ग्राम पंचायतों में सरपंचों के नतीजे घोषित, सिरोही में सबसे बड़ी जीत | सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि, बोले- 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य | सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर जयपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिलाई एकता की शपथ | चक्रवात अर्नब की ताजा अपडेट: कमजोर पड़ा चक्रवात अर्नब, राजस्थान से बिहार तक मौसम का अलर्ट; अंडमान सागर में नया सिस्टम सक्रिय | चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: दिल्ली, महाराष्ट्र समेत 6 राज्यों में SIR की समयसीमा बढ़ाई, जानिए नई तारीखें | RSS के गढ़ नागपुर में कांग्रेस की जीत से BJP को झटका, पुणे में भी हारी; जानिए कहां बिगड़ा चुनावी गणित | भूटान में ग्लेशियर झील फटी, गासा का मशहूर गर्म पानी का कुंड बहा; भारत में बाढ़ का खतरा, बंगाल में 10 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए | मोदी नहीं, 'ओदी' कहिए... ज्ञानेश कुमार का नाम भी बदला, CJP नेता आशुतोष रांका ने समर्थकों को सिखाई कोड लैंग्वेज |