अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में दस्यु जगन गुर्जर की हत्या के बाद मंगलवार को शव के पोस्टमार्टम को लेकर शुरू हुआ विवाद देर शाम तक चले लंबे गतिरोध के बाद समाप्त हो गया। करीब 11 घंटे तक चले विरोध और वार्ताओं के बाद पुलिस प्रशासन और गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों के बीच लिखित सहमति बनी, जिसके बाद जेएलएन अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू की गई।
सुबह से ही अस्पताल की मोर्चरी के बाहर गुर्जर समाज के लोगों का धरना प्रदर्शन जारी रहा, जिसमें मृतक के परिजन और समाज के कई प्रतिनिधि शामिल हुए। दिनभर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन प्रारंभ में कोई समाधान नहीं निकल सका।
दोपहर और शाम के बीच अलग-अलग स्तर पर हुई बातचीत के बाद अंततः एएसपी सिटी कार्यालय में समझौता हुआ, जिसमें सभी पक्षों ने लिखित सहमति दी। इसके बाद शाम को पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमॉर्टम शुरू किया।
इधर, परिजनों ने मृतक के भाई पप्पू गुर्जर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और उसे धौलपुर जेल में स्थानांतरित करने की मांग की है। साथ ही मामले की सीबीआई जांच की मांग भी उठाई गई है। प्रशासन ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.