राजस्थान की राजधानी जयपुर में घुमंतू और अर्धघुमंतू (DNT) समाज की महापंचायत के बाद बुधवार शाम प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। समाज की ओर से 10 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर विद्याधर नगर स्टेडियम में महापंचायत आयोजित की गई थी। महापंचायत समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने का ऐलान किया। पहले से तैनात पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस के अनुसार कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की तथा पुलिस और स्थानीय लोगों पर पथराव किया। इसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान पथराव में 12 से अधिक लोग, जिनमें पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिक शामिल हैं, घायल हुए। वहीं पुलिस कार्रवाई में कुछ प्रदर्शनकारियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल की सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात भी कराई गई थी और वार्ता सकारात्मक रही थी। इसके बावजूद कुछ लोग अचानक उग्र हो गए और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई। पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की। फिलहाल पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.