राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में ऋषिकेश से इंदौर जा रही हंस ट्रेवल्स की स्लीपर बस ट्रोले से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में बांदीकुई-जयपुर इंटरचेंज के पास रात करीब 2:27 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। ओवरटेक के दौरान ट्रोले से टक्कर के बाद बस में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। अधिकांश यात्री बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई लोग बस के अंदर ही फंस गए। इस दुर्घटना में कुल 8 लोगों की मौत हुई। इनमें बस चालक सहित 6 यात्रियों के शव आग में बुरी तरह झुलस गए, जबकि दो अन्य यात्रियों की मृत्यु गंभीर सिर की चोटों के कारण हुई। जले हुए शवों की पहचान के लिए डीएनए जांच की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
हादसे में 26 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 12 का उपचार दौसा जिला अस्पताल में जारी है। मृतकों में मध्यप्रदेश के इंदौर, खरगोन, सीहोर और झाबुआ जिलों के निवासी शामिल हैं। मृतकों में दीपक तंवर, प्रियंका पांडे, निर्मला गुप्ता, भूमि भौर, देवेंद्र सिंह उर्फ दीपू, बस चालक रामवतार तथा अन्य यात्रियों के नाम सामने आए हैं। परिजनों ने बताया कि कई यात्री वैष्णो देवी और हरिद्वार की यात्रा से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बस में तेजी से धुआं भर गया और आग फैलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ घायलों ने दावा किया कि समय पर राहत और बचाव पहुंचता तो अधिक लोगों की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस, दमकल और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच जारी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित एजेंसियां साक्ष्य जुटा रही हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.