नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने वाले वीडियो हटाए जाने तथा कई अकाउंट्स पर रोक लगाए जाने के आरोपों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने नया तरीका अपनाने की तैयारी की है। पार्टी के सह संयोजक आशुतोष रांका ने अपने समर्थकों को सोशल मीडिया पर कोड लैंग्वेज में बात करने की सलाह दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के लिए अलग-अलग कोड वर्ड इस्तेमाल करने की बात कही है।
आशुतोष रांका ने अपने संदेश में कहा कि अब सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए 'ओदी', अमित शाह के लिए 'BCCI' और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के लिए 'गुन्नू' शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा। उनका कहना है कि इस तरह के कोड वर्ड और व्यंग्यात्मक भाषा के जरिए सोशल मीडिया एल्गोरिदम की कथित निगरानी से बचा जा सकता है।
CJP का आरोप है कि इंस्टाग्राम पर सरकार की आलोचना करने वाले और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने वाले कई वीडियो और पोस्ट हटाए जा रहे हैं। पार्टी के कुछ नेताओं ने अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाए जाने का दावा भी किया है। इसी के बाद समर्थकों को वैकल्पिक शब्दों और व्यंग्यात्मक अंदाज में अपनी बात रखने की सलाह दी जा रही है।
रांका ने अपने संबोधन में कहा कि समर्थकों को गंभीर मुद्दों पर भी व्यंग्य के माध्यम से अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि थोड़े बहुत वीडियो हटाए जा सकते हैं और कुछ अकाउंट बंद हो सकते हैं, लेकिन इससे आंदोलन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने समर्थकों से बने रहने और डटे रहने की अपील की।
इससे पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी एक वीडियो में सोशल मीडिया पर वीडियो हटाए जाने से बचने के कुछ तरीके बताए थे। CJP का कहना है कि सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने और आंदोलन से जुड़े संदेशों को लोगों तक पहुंचाने के लिए नए तरीके अपनाने की जरूरत है।
फिलहाल, सोशल मीडिया पर कंटेंट हटाए जाने को लेकर CJP के आरोपों और उसके नए कोड वर्ड अभियान ने राजनीतिक और डिजिटल जगत में चर्चा तेज कर दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.