जयपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर जयपुर स्थित अमर जवान ज्योति पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी सहित बड़ी संख्या में युवा एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। आजादी के समय भारत अनेक रियासतों में बंटा हुआ था, लेकिन सरदार पटेल के कुशल नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति ने देश के एकीकरण का मार्ग प्रशस्त किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से देश के युवाओं को एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 21वीं सदी को भारत की सदी बताया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत, सशक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सीएम शर्मा ने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। गांव-गांव से निकलकर प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहरा रही हैं। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 1 लाख 93 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने भी सरदार पटेल को किया याद
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म गुजरात में हुआ था। उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश की रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी कहा कि सरदार पटेल ने अखंड राजस्थान के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के योगदान और उनके विचारों को देशभर में व्यापक रूप से याद किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में सरदार पटेल के योगदान को अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने विभिन्न योजनाओं के नामकरण में गांधी परिवार के सदस्यों को प्राथमिकता दी।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। ‘रन फॉर यूनिटी’ में युवाओं की भागीदारी ने सरदार पटेल के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.